लखनऊ: बुंदेलखंड और पूर्वांचल के पिछड़े क्षेत्र विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकें। इसके लिए राज्य सरकार इन क्षेत्रों में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के साथ-साथ इन क्षेत्रों में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स क्लस्टर बनाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश के सभी एक्सप्रेस-वे के किनारे 18 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स क्लस्टर बनाए जाएंगे। इसमें से सबसे बड़ा क्लस्टर बुंदेलखंड के बांदा में बनेगा। यह क्लस्टर 1426 एकड़ में तैयार किया जाएगा। वहीं पूर्वांचल के गाजीपुर में 1026 एकड़ जमीन पर क्लस्टर का निर्माण किया जाएगा। यूपीडा ने सभी 18 कलस्टर के लिए प्लॉट आवंटन के लिए आवेदन मांगे हैं। ये क्लस्टर गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड लिंक एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे बनाए जाएंगे।


