NBT रिपोर्ट, लखनऊ: इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हथियारों के खुले प्रदर्शन से जुड़े बिजनौर के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर मुख्य आरोपी मैजुल को कस्टडी में लेकर बिजनौर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। पुलिस के मुताबिक, मैजुल लंबे समय से विदेश में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए संदिग्ध आतंकी नेटवर्क को संचालित कर रहा था। यह मामला नवंबर 2025 में सामने आया था, जब इंस्टाग्राम लाइव का एक विडियो वायरल हुआ। विडियो में आकिब नाम का युवक हथियार लहराते हुए दिखाई दिया था। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह लाइव मैजुल के इंस्टाग्राम अकाउंट से प्रसारित किया गया था। उस समय मैजुल विदेश में था और वहीं से पूरे लाइव प्रसारण को नियंत्रित कर रहा था। हालांकि यह विडियो शुरू में स्थानीय स्तर पर ही सीमित रहा, लेकिन हाल ही में यूपी एटीएस द्वारा लखनऊ से शाकिब समेत चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद इस पर दोबारा फोकस बढ़ा। जांच में सामने आया कि शाकिब भी गैंग के सरगना आकिब से जुड़ा हुआ है। आकिब ने ही शाकिब को पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़वाया। आतंकी गतिविधियों से जुड़ा मामला सामने आने के बाद बिजनौर पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने केस को दोबारा खोलते हुए तेजी से गिरफ्तारियां शुरू कीं। पुलिस जांच में यह नेटवर्क आकिब, आज़ाद और बिजनौर निवासी ओवैद मलिक तक जा पहुंचा। ओवैद मलिक और उसके सहयोगी जलाल हैदर और समीर उर्फ रूहान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, मैजुल, आकिब और आज़ाद की तलाश में लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। इसी के तहत शनिवार को मैजुल के भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उसे हिरासत में लिया।


