मुजफ्फरनगर : मां-बेटी से छेड़छाड़ का आरोप, पूर्व मंत्री के बेटे समेत 2 अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में मां-बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने पूर्व मंत्री सुधीर बालियान के बेटे समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित मां-बेटी रात में टहल रही थीं, तभी स्कूटी सवार युवकों ने अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर युवकों ने धमकी दी और हाथापाई की।

मुजफ्फरनगर : मां-बेटी से छेड़छाड़ का आरोप, पूर्व मंत्री के बेटे समेत 2 अरेस्ट
(फोटो- नवभारत टाइम्स)

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात मां-बेटी से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुधीर बालियान के बेटे समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित मां-बेटी रोज की तरह रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां करने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

पीड़ितों का आरोप है कि युवक नशे में थे और गाली-गलौज करते हुए धमकी दे रहे थे। इसी बीच मां-बेटी ने आरोपियों का विडियो अपने मोबाइल में रेकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पीड़िता ने बताया, ‘हम रोज की तरह टहल रहे थे। तभी दो युवक आए और गंदी बातें करने लगे। विरोध करने पर धमकी देने लगे। हमने उनका विडियो बना लिया। हमें न्याय चाहिए।’

पुलिस ने वायरल विडियो और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में नई मंडी थाने में बीएनएस की धारा 74, 79, 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रेकमेंडेड खबरें