n NBT न्यूज, गुड़गांव
मिलेनियम सिटी में अक्षय तृतीया का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के कोने-कोने में जहां शहनाई की मधुर गूंज सुनाई दी, वहीं बाजारों में भी खरीदारी की रौनक चमकी। सर्राफा बाजार में खासी रौनक रही। लोगों ने सोने और चांदी की जूलरी की जमकर खरीदारी की।
शहर के प्रमुख बैंक्विट हॉल, धर्मशालाएं और मैरिज गार्डन कई दिनों पहले ही बुक हो चुके थे। आयोजकों के अनुसार, इस बार शादियों और अन्य कार्यक्रमों की संख्या में खासा इजाफा देखने को मिल रहा है। वहीं सर्राफा बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी को लेकर सुबह से ही दुकानों पर चहल-पहल बनी रही। सोने और चांदी के दाम बढ़े तो लोगों के लिए स्पेशल तरीके से ज्वेलरी से लेकर अन्य गोल्ड आइटम तैयार किए गए। जूलर्स के मुताबिक, कई ग्राहकों ने पहले से ही बुकिंग करवा रखी थी, जबकि बड़ी संख्या में लोग दिन के समय खरीदारी करने पहुंचे। पंडित लक्ष्मीकांत गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है और यह समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन बिना किसी विशेष मुहूर्त के भी शुभ कार्य किए जा सकते हैं।
व्यापार और सेवाओं को भी मिला सहारा: शादी-विवाह और अन्य आयोजनों के चलते कैटरिंग, डेकोरेशन, ट्रांसपोर्ट और होटल इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों को भी अच्छा व्यवसाय मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों का कहना है कि अक्षय तृतीया से मंगल कार्यों की शुरुआत हो चुकी है।


