nNBT न्यूज, अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में रामलला के साथ अन्य 15 मंदिरों के दर्शन आमजन के लिए खुलते ही श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। भीषण गर्मी के बावजूद रोजाना एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
अब सामान्य श्रद्धालु भी ऑनलाइन पास से रामलला के साथ ही राम दरबार, सप्त ऋषि मंडल के सात मंदिरों, शेषावतार और कुबेर टीला स्थित भगवान शिव मंदिर के दर्शन कर रहे हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, फिलहाल भीड़ को नियंत्रित रखते हुए व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है। समीक्षा के बाद श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ाई जाएगी। दर्शन के लिए हर दो घंटे के स्लॉट में 500 ऑनलाइन पास जारी किए जा रहे हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन में आसानी हो रही है। उधर, परकोटा के शेष मंदिरों में भी ध्वजारोहण की तैयारी तेजी से चल रही है। योगी आदित्यनाथ भगवान शिव मंदिर पर ध्वजारोहण करेंगे, जबकि केशव प्रसाद मौर्य और साध्वी ऋतंभरा अन्य मंदिरों में अनुष्ठान कर सकते हैं।
गीत रामायण संस्कार समारोह शुरू: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और सद्गुरु ग्रुप पुणे महाराष्ट्र के संयुक्त तत्वावधान में रविवार अक्षय तृतीया से त्रिदिवसीय सम्पूर्ण गीत रामायण संस्कार समारोह शुरू हो गया। प्रणव कुलकर्णी अपनी टीम के साथ अंगद टीला पर आयोजित कार्यक्रम में सम्पूर्ण गीत रामायण की प्रस्तुति कर रहे हैं।


