n NBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-39 स्थित पॉकेट बी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और कई-कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जा रहा। हालात ऐसे हैं कि गंदगी और बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
निवासियों का कहना है कि नियमित सफाई न होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। कई बार विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। आरडब्ल्यूए प्रधान भगवत दयाल कटारिया ने बताया कि क्षेत्र में सफाई की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बार-बार शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हो रहा। कूड़ा कई दिनों तक सड़कों पर पड़ा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। वहीं नगर निगम के सहायक स्वच्छता निरीक्षक अरुण कौशिक ने बताया कि क्षेत्र में रोजाना कूड़ा उठाने की व्यवस्था है। रविवार होने के कारण कचरा नहीं उठाया गया, लेकिन फिर भी यदि कहीं ऐसा है तो निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारी जाएगी।

