n ओमदेव शर्मा, बल्लभगढ़
सेक्टर-65 स्थित साहूपुरा गांव के रहने वाले 26 वर्षीय भारतीय सेना के जवान मोहित शर्मा की हिमाचल प्रदेश में ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ सेना के साथियों को स्तब्ध कर दिया, बल्कि उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। महज ढाई महीने पहले शादी के बंधन में बंधे मोहित की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मोहित भारतीय सेना की 29 पैरा यूनिट में तैनात थे और इन दिनों हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित बकलोह सैन्य छावनी के स्पेशल फोर्सेस ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण ले रहे थे। परिजनों ने बताया कि मोहित 5 अप्रैल को प्रशिक्षण के लिए बकलोह पहुंचे थे और नियमित अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। शनिवार सुबह भी वह रोजाना की तरह ट्रेनिंग कर रहे थे। इसी दौरान बॉक्सिंग अभ्यास के समय उन्हें गंभीर चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें बकलोह स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में उनके बाएं कान के पास गंभीर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल सेना और स्थानीय प्रशासन इस मामले को प्रशिक्षण के दौरान हुई दुर्घटना मानकर जांच कर रहे हैं।
इस दुखद घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि मोहित की शादी अभी हाल ही में 5 फरवरी को फतेहपुर बिल्लौच गांव निवासी पिंकी के साथ हुई थी। शादी के बाद वह कुछ दिन की छुट्टी पर घर आए थे और 12 मार्च को वापस ड्यूटी पर लौट गए थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी परिवार के साथ आखिरी मुलाकात होगी।


