n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर पहले प्राइम लोकेशन की जमीन दिखाई और बाद में दूसरी जमीन का इकरारनामा कर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये हड़प लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीपक डागर, निवासी गांव जाजरू, बल्लभगढ़, ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में बताया कि वह सरपंच डेवलपर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं। उनका कार्यालय फरीदाबाद में स्थित है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में कुछ लोगों ने उन्हें गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के गांव चुहड़पुर में एटीएस टावर के सामने स्थित एक प्राइम लाेकेशन पर जमीन दिखाई और उसे बेचने का प्रस्ताव दिया।


