n NBT रिपोर्ट, नोएडा
न्यू नोएडा को बसाने के लिए नोएडा अथॉरिटी शुरुआत में करीब 100 करोड़ रुपये का बजट बेसिक सुविधाओं पर खर्च करेगी। इस पैसे से बिजली, पानी और सड़क की सुविधा बहुत जरूरत वाले स्थानों पर शुरू कराई जाएगी। औद्योगिक और शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच एक नए शहर न्यू नोएडा को बसाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। इसके लिए किसानों से जमीन अधिग्रहण करने के लिए अथॉरिटी के बोर्ड ने मुआवजा दर भी तय कर दी है। शासन से हरी झंडी मिलते ही जमीन अधिग्रहण शुरू कर दिया जाएगा। अथॉरिटी ने इस बार के बजट में करीब 800 करोड़ रुपये न्यू नोएडा के लिए रिजर्व रखे हैं। यह नया शहर दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (DNGIR) के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य उद्योग, आवास और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को एक साथ बढ़ावा देना है। सरकार के मुताबिक न्यू नोएडा के लिए कुल 80 गांवों की जमीन को शामिल किया जाएगा।


