n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो कार्य आजाद भारत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने आगे बढ़ाया था, उसी अभियान को आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा रहा है। 10-11 वर्ष पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो पाएगा। 500 वर्ष पहले जिन आक्रांताओं ने अयोध्या के राम मंदिर को अपवित्र किया और हिंदुओं की आस्था पर कुठाराघात किया था, आज उनका नाम तक लेने वाला नहीं बचा है। लेकिन सनातन की अटूट आस्था आज भी आकाश की ऊंचाइयों पर है।
योगी ने रविवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत गोमती नगर स्टेशन पर सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा को हरी झंडी दिखाई। शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रवाना हुई इस विशेष ट्रेन से प्रदेश के अलग-अलग सामाजिक, आर्थिक पृष्ठभूमि के 1008 लोग सोमनाथ के लिए रवाना हुए। सीएम ने कहा कि सदियों के आक्रमणों के बावजूद सनातन आस्था अडिग रही और आज ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ के भाव के साथ पुनः अपने स्वाभिमान के शिखर पर स्थापित हो रही है। सनातन आस्था इस अजर-अमर पथ का प्रतीक है।
बर्बरता भी नहीं झुका पाई आस्था
सीएम ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति पर सदियों से हमले होते रहे, लेकिन हमलावर भारत की आस्था को न तो तोड़ पाए और न ही झुका पाए। आज 1000 वर्ष बाद जब हम देखते हैं तो भारत की सनातन आस्था पूरी दृढ़ता से विश्व के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही है, जबकि आक्रांताओं का कोई नामोनिशान इस धरती पर नहीं बचा है। यही है ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ का शंखनाद। आक्रांताओं की बर्बरता जिसे रोक नहीं पाई, तोड़ नहीं पाई और झुका नहीं पाई, वही सनातन आस्था आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाई जा रही है।
दुनिया को आकर्षित कर रहा यूपी
योगी ने कहा कि आज यूपी में काशी की जीवंतता है, अयोध्या की मर्यादा है, मथुरा-वृंदावन की भक्ति है और प्रयागराज की समरसता है। आज ये सभी पावन स्थल पूरे देश को अपनी ओर खींच रहे हैं। यूपी से 1000 से अधिक श्रद्धालु भगवान सोमनाथ धाम के दर्शन करने के लिए गुजरात की धरती की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। जब ये दर्शन करेंगे, तो उनसे प्राप्त पुण्य में हम सब भी भागीदार बनेंगे। पीएम के हम आभारी हैं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों और जिलाें से कम से कम 11-11 श्रद्धालुओं को इस यात्रा के लिए चुना है। रेलवे इन श्रद्धालुओं को फ्री ट्रेन उपलब्ध करवा रहा है, जबकि बाकी खर्चा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उठा रहा है। ये श्रद्धालु काशी और अपने-अपने क्षेत्र के ज्योतिर्लिंग तथा तीर्थों का जल लेकर भगवान सोमनाथ का अभिषेक करेंगे और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ यात्रा करेंगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित अन्य अहम चेहरे मौजूद थे।


