n NBT रिपोर्ट, नोएडा : भंगेल एलिवेटेड रोड पर वाहनों के शोर को कम करने के लिए साउंड बैरियर लगाए जाएंगे। इसका इंतजार आसपास के हजारों लोग लंबे समय से कर रहे थे। इस काम में 18 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे। भंगेल एलिवेटेड रोड से सटे दोनों तरफ बड़े पैमाने पर रिहायशी आबादी रहती है। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि दिन-रात दौड़ने वाले वाहनों के शोर से उनका जीवन प्रभावित हो गया है। कई लोग बताते हैं कि तेज रफ्तार ट्रैफिक और भारी वाहनों की आवाज इतनी ज्यादा होती है कि रात में सोना तक मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार प्राधिकरण से साउंड बैरियर लगाने की मांग की थी। इस एलिवेटेड रोड परियोजना में शुरू से ही साउंड बैरियर लगाने का प्रावधान किया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया।


