n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद: पल्ला थाना क्षेत्र के अगवानपुर, विनय नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। शादी के महज दो महीने बाद 25 वर्षीय रूपसी की उसके ससुराल, गाजियाबाद में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतका के परिजन दो दिनों तक शव को डीप फ्रीजर में रखकर सेक्टर-37 स्थित श्मशान घाट पर बैठे रहे। मंगलवार को जब मृतका का भाई अमेरिका से वापस लौटा, तब परिजन शव को लेकर गाजियाबाद पहुंचे और आरोपी ससुरालियों की सोसायटी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। परिजन पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी रसूखदार हैं। वह मेडिकल रिपोर्ट को मैनेज कर सकते हैं। मृतका की पहचान 25 साल की रूपसी के रूप में हुई है। वह नोएडा के एक मीडिया हाउस में नौकरी करती थी।
19 फरवरी को हुई थी शादी: मृतका के भाई अभिषेक झा के अनुसार, रूपसी इकलौती बहन थी। उसने एनआईटी स्थित डीएवी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की थी और नोएडा में कार्यरत थी। रूपसी की शादी 19 फरवरी को गाजियाबाद के नंदग्राम की हाईएंड पैराडाइज सोसायटी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिनव के साथ हुई थी।
ससुरालियों की सोसायटी के बाहर किया हंगामा: घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई अभिषेक यूएस से वापस भारत आए। मंगलवार सुबह 5 बजे वह सेक्टर-37 श्मशान स्थल पहुंचे और गाजियाबाद पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए। डेडबॉडी लेकर दोबारा गाजियाबाद की पैराडाइज साेसायटी पहुंचकर प्रदर्शन किया। खबर लिखे जाने तक मृतका का अंतिम संस्कार नहीं हो हुआ था।





