AC वाले अफसरों को क्या पता पब्लिक टाॅइलट की अहमियत?

नवभारतटाइम्स.कॉम
ac

n NBT न्यूज, नोएडा

शहर में पिछले एक महीने से 100 से अधिक सार्वजनिक शौचालय बंद पड़े हैं, जिससे लाखों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा प्राधिकरण के एसी वाले अधिकारियों की लापरवाही के चलते मेंटिनेंस कॉन्ट्रैक्ट समय पर न बढ़ाए जाने की वजह से यह स्थिति बनी है। सेक्टर-11, 12, 15, 16, 19, 20, 21ए, नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-30 डीपीएस के सामने और सेक्टर-71 अंडरपास के ऊपर सहित कई इलाकों में बने पब्लिक टॉइलट पर ताले लगे हुए हैं। इन क्षेत्रों में बाजार, दफ्तर, बस स्टॉप, स्कूल, पुलिस स्टेशन और व्यावसायिक गतिविधियां अधिक हैं, जहां दिनभर हजारों इन पब्लिक टॉइलट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन जब से इन शौचालय पर ताले लगे हैं लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उन्हें या तो घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर सड़क किनारे या गलियों में मजबूरन शौच करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं और गिग वर्कर्स को हो रही है। एसी में बैठे अधिकारी शायद यह नहीं समझ पा रहे कि आम आदमी के लिए पब्लिक टॉइलट कितनी बड़ी जरूरत है।

‘कई घरों में शौचालय उपयोग की अनुमति नहीं’

सेक्टर-12 में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली सुमन बताती हैं कि कई घरों में उन्हें शौचालय उपयोग करने की अनुमति नहीं मिलती। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय ही उनका एकमात्र सहारा था। अचानक बंद होने से उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं, सेक्टर-20 थाने के बगल का शौचालय बंद होने से थाने पहुंचने वाले फरियादियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे आगे निकलने पर सेक्टर-19 का शैचालय भी बंद पड़ा है। जहां पास में ही वीएसएनएल ऑफिस भी है, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। वहीं, नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग के महाप्रबंधक आरके शर्मा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण शौचालय बंद हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक-दो सप्ताह में सभी शौचालय दोबारा खोल दिए जाएंगे।