n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : मेरठ में आयोजित विज्ञान घर सीजन-5 में ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित छांयसा गांव निवासी उत्कर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनअप रहे। जीरो वेस्ट लाइफस्टाइल पर आधारित अपने प्रॉजेक्ट्स के जरिए उन्होंने वेस्ट मैटिरियल को रिसाइकल कर उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं। उत्कर्ष ने लगातार 20 दिन तक घर में रहकर विभिन्न इनोवेटिव प्रॉजेक्ट पूरे किए। साढ़े चार हजार बाल वैज्ञानिकों में से ऑनलाइन इंटरव्यू के बाद देश के टॉप 20 प्रतिभागियों में उनका चयन हुआ। यह शो बिग बॉस की तर्ज पर 24 घंटे लाइव रहा, जिसमें प्रतिदिन नए टास्क दिए गए। उत्कर्ष ने बताया कि पहले दिन टूटे पेड़ की डाली और पुरानी घड़ी से दीवार घड़ी बनाई, वहीं वेस्ट पेपर को रिसाइकल कर नया पेपर तैयार किया। अलग-अलग प्रांतों से आए विज्ञान योद्धाओं के साथ एक निश्चित दिनचर्या का पालन करते हुए उन्होंने क्रिएटिव आइडिया से प्रॉजेक्ट्स पूरे किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित जूरी ने उन्हें देश के टॉप 20 बाल वैज्ञानिकों में फर्स्ट रनर अप का खिताब दिया। उनका यह प्रयास युवा पीढ़ी को विज्ञान और सस्टेनेबिलिटी की ओर प्रेरित कर रहा है।





