NBT रिपोर्ट, मुंबई : शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली। ईरान और अमेरिका के बीच शांति की नई उम्मीदों और ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी ने भारतीय शेयर बाजार में जान फूंक दी है। बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर में जोरदार खरीदारी के दम पर निवेशकों का भरोसा लौटा और बाजार करीब 1 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत गिरकर 94.76 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
सेंसेक्स 753.03 अंक (0.96%) की बढ़त के साथ 79,273.33 पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी 211.75 अंक (0.87%) चढ़कर 24,576.60 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में Trent में सबसे ज्यादा 3.55 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, ICICI बैंक, बजाज फाइनैंस, HDFC बैंक और एक्सिस बैंक में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई। दूसरी तरफ, BEL, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और NTPC जैसे शेयरों में गिरावट रही।





