NBT न्यूज, चंडीगढ़ : हरियाणा के स्कूलों में परीक्षाएं समाप्त होने के बावजूद पांच सौ से अधिक विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने टैब जमा नहीं करवाए हैं। शिक्षा विभाग इसे लेकर गंभीर हो गया है। टैब जमा नहीं करवाने वाले बच्चों का परीक्षा परिणाम रोका जा सकता है।
अधिकारियों ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को कहा कि जो विद्यार्थी तय समय के अंदर डिवाइस जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे मामलों की रिपोर्ट हरियाणा शिक्षा बोर्ड को भेजें। इस रिपोर्ट के आधार पर दंडात्मक उपाय, जिनमें रिज़ल्ट रोकना भी शामिल है, लागू किए जा सकते हैं।विभाग के अनुसार यह टैबलेट राज्य सरकार की डिजिटल शिक्षा पहल के तहत पूरी तरह से पढ़ाई-लिखाई के मकसद से बांटे गए थे। ये डिवाइस सरकारी संपत्ति हैं, इसलिए हर विद्यार्थी की ज़िम्मेदारी है कि परीक्षा खत्म होने के बाद वे इन्हें अपने-अपने स्कूलों में वापस जमा करें। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और उनके माता-पिता से भी अपील की है कि वह समय पर डिवाइस जमा करना सुनिश्चित करें।




