वेयरहाउस में लगी भीषण आग, कई किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सेक्टर-74 स्थित खेड़की दौला के पास मंगलवार को एक वेयरहाउस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचा। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे थे। आग से वेयरहाउस में रखा करोड़ों रुपये का सामान जल गया।

फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आग वेयरहाउस के मुख्य गोदाम में लगी। यहां प्लास्टिक, गत्ता और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुड़गांव के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है।