वाहन के इंतज़ार में खड़े दो लोगों को कार ने कुचला, एक की मौत, दूसरा घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम
वाहन के इंतज़ार में खड़े दो लोगों को कार ने कुचला, एक की मौत, दूसरा घायल

nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सूरजकुंड थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया, जहां सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रहे दो लोगों को एक कार चालक ने कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई निवासी नीरज (42) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी गौतम अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल की शाम नीरज अपने दोस्त गौतम के साथ सूरजकुंड स्थित लोटस गार्डन में एक शादी समारोह में वेटर का काम करने आया था। काम खत्म करने के बाद दोनों पैदल ही घर लौटने लगे और इंतजार गार्डन के पास सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अनंगपुर चौक की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बलेनो कार पीछे से दोनों को कुचलते हुए फरार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौतम को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद नीरज के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। दो दिन बाद उन्हें अस्पताल से हादसे की जानकारी मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई मदन ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।