ग्रिल में आया करंट, चपेट में आने से युवक की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

सिहानी गेट क्षेत्र में मंगलवार सुबह करंट लगने से 25 वर्षीय चंदन कुमार की मौत हो गई। वह जयप्रकाश नगर में राकेश के मकान में किराए पर परिवार के साथ रहते थे। सुबह करीब आठ बजे वह छज्जे पर गए और लोहे की ग्रिल पकड़ते ही करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वह ग्रिल से चिपककर लटक गए। परिजनों और पड़ोसियों ने बिजली बंद कर किसी तरह उन्हें नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चंदन मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पत्थर लगाने का काम करते थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले थे और चार बहनों के भाई थे। उनकी शादी दो वर्ष पहले हुई थी। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ग्रिल में पहले भी करंट आने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं कराया गया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस ने मौके और अस्पताल पहुंचकर जांच की है। शिकायत मिलने पर साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।