बेसहारा बच्चों के लिए बनेगा समेकित बाल संरक्षण केंद्र

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : जिले में बेसहारा बच्चों को सुरक्षित आसरा देने के लिए पहला समेकित बाल संरक्षण केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए जिला प्रोबेशन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। समेकित बाल केंद्र के लिए जमीन तलाशने को जीडीए को भी पत्र लिखा गया है। केंद्र बनने के बाद बेसहारा बच्चों को यहां रखा जाएगा। इस केंद्र में बच्चों को आवासीय सुविधा, शिक्षा, काउंसलिंग, पुनर्वास और कानूनी सहायता एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी। अभी जिले में इस तरह का कोई सरकारी केंद्र नहीं है। अधिकारियों के अनुसार इस केंद्र में छह महीने से 18 साल तक के बच्चों को रखा जाएगा। केंद्र में पढ़ाई के साथ बच्चों के खेलने की भी व्यवस्था होगी। इंडोर गेम्स जैसे लूडो, शतरंज और आउटडोर खेलों में क्रिकेट व फुटबॉल की सुविधा दी जाएगी। साथ ही प्ले रूम बनाया जाएगा, जहां बच्चों के मानसिक तनाव को कम करने पर जोर रहेगा। इस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर का कहना है कि केंद्र बनने के बाद बेसहारा बच्चों को हर जरूरी सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।