NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सूरजकुंड थाना क्षेत्र के सेक्टर-21सी स्थित देव धाम सनातन धर्म मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दान पात्रों से करीब 70 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, चोर अपने साथ मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए।
मंदिर के प्रधान नरेश गंभीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19-20 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्ति मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने अंदर रखे दो दान पात्रों के ताले तोड़कर नकदी निकाल ली।





