NBT न्यूज, गुड़गांव
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के डीटीपी एन्फोर्समेंट टीम की ओर से चल रहे अतिक्रमण विरोधी महाअभियान के तहत चौथे दिन भी कार्रवाई जारी रही। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश के बाद टीमों ने अवैध कब्जे हटाए। डीटीपी एन्फोर्समेंट अमित मधोलिया ने बताया कि आठ कॉलोनियों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सड़कों के राइट ऑफ वे (ROW), ग्रीन एरिया और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। लोगों ने घरों के आगे और कॉर्नर घरों के साइड में ग्रिल लगाकर अतिक्रमण किया हुआ था। तोड़फोड़ के बाद सड़कें चौड़ी हो गई हैं। मंगलवार को अभियान की शुरुआत डीएलएफ फेज-2 के एम ब्लॉक से की गई। यहां टीम-1 ने एम ब्लॉक, आकाशनीम मार्ग, एल व एल एक्सटेंशन, कासिया मार्ग और क्यू ब्लॉक के लगभग 900 मकानों को कवर किया। इस दौरान 250 से अधिक लॉन, रेलिंग हटाई गई। 80 से अधिक गार्ड रूम ध्वस्त किए गए। 250 से अधिक छोटे अतिक्रमण हटाए गए। तोड़फोड़ की कार्रवाई बुधवार शाम तक चलेगी। इसके बाद कार्रवाई की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी।





