गली में गंदा पानी भरने से पैदल चलना मुश्किल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के सेक्टर 43 में ग्रीनफील्ड कॉलोनी के गेट नंबर 15 पर सीवर का गंदा पानी जमा है। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। बदबू फैलने से भी लोग परेशान हैं। स्थानीय पार्षद ने कॉलोनाइजर कंपनी पर काम न करने का आरोप लगाया है।

faridabad greenfield colony faces waterlogging due to sewage making walking difficult

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : सेक्टर 43 स्थित ग्रीनफील्ड कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी को लेकर स्थानीय निवासियों में प्रशासन के प्रति रोष देखने को मिल रहा है। कॉलोनी के गेट नंबर 15 पर कई दिनों से जमा गंदे सीवर के पानी ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। लोगों का कहना है कि गेट के पास सीवर का पानी लंबे समय से भरा हुआ है, जिससे न केवल बदबू फैल रही है बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग इसकी शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।

निवासियों का कहना है कि गेट नंबर 19 बंद होने से लोगों को गेट नंबर 15 से ही आवागमन करना पड़ता है। लेकिन पिछले कई दिनों से इस गेट पर सीवर का पानी भरा पड़ा है, जिससे राहगीरों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए इस रास्ते से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय पार्षद वीरेंद्र भड़ाना ने बताया कि कॉलोनी में सीवर लाइने ब्लॉक है, जिससे समस्या बनी हुई है। ये काम कॉलोनाइजर अर्बन इंप्रूवमेंट कंपनी (यूआईसी) का है। लेकिन कंपनी कोई काम करने को तैयार नहीं है। ऐसे में नगर निगम के सहयोग से ही इस समस्या का समाधान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, इस संबंध में यूआईसी साइट इंचार्ज रमेश को संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।