12th Pass Fake Doctor Arrested Running Clinic Without Degree Caught Selling Abortion Pills
12वीं पास चला रहा था फर्जी क्लिनिक, गर्भपात की दवा बेचते रंगे हाथ गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, पलवल
इस्लामाबाद क्षेत्र में बिना मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चलाकर मरीजों का इलाज करने और गर्भपात की प्रतिबंधित दवाएं बेचने वाले आरोपी हरिओम का स्वास्थ्य विभाग , सीएम फ्लाइंग और पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया। नोडल अधिकारी डॉ. राहुल कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के तहत एक गर्भवती महिला को ग्राहक बनाकर क्लिनिक भेजा गया। आरोपी ने बिना किसी चिकित्सकीय जांच या वैध प्रक्रिया के 600 लेकर उसे एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट दे दी और दवा लेने का तरीका भी बताया। तय संकेत मिलते ही संयुक्त टीम ने छापा मारकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह केवल 12वीं पास है और उसके पास न मेडिकल डिग्री है, न प्रैक्टिस का लाइसेंस। छापेमारी में टीम ने मार्क किए गए 600 रुपये, एमटीपी किट, विभिन्न दवाएं और चिकित्सा उपकरण बरामद किए। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर कैंप थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।