बैंक्विट हॉल की लिफ्ट गिरी, 3 लोगों पर केस

नवभारतटाइम्स.कॉम
noida banquet hall lift collapses case filed against 3 people people narrowly escape
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर-51 के वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम के दौरान गुरुवार रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। लोगों से भरी लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई। हादसे के बाद बैंक्विट हॉल में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट खोली और रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाई। सेक्टर 49 थाना पुलिस मामले में बैंक्विट हॉल के दो संचालक और मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 49 थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर आशु चौधरी ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई को सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्विट हॉल में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सेक्टर-49 थाने के पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब आठ बजे लिफ्ट अचानक गिर पड़ी।

लिफ्टमैन की नहीं थी तैनाती : पुलिस जांच में सामने आया कि बैंक्वेट हॉल का संचालन विनोद अरोड़ा और अश्वनी छाबड़ा कर रहे थे, जबकि लिफ्ट की देखरेख और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी मैनेजर अश्वनी शर्मा के पास थी। आरोप है कि लिफ्ट का रखरखाव सही तरीके से नहीं कराया गया। इतना ही नहीं, लिफ्ट के संचालन के लिए किसी लिफ्टमैन की भी तैनाती नहीं की गई थी।