Mystery Of Ancient Civilization Hidden In Dense Amazon Forests 20000 Structures And 3 Million People
एमेजॉन के रहस्यमय लोग
Contributed by: दिलीप लाल|नवभारतटाइम्स.कॉम•
दिलीप लाल
आज एमेजॉन रेनफॉरेस्ट दुनिया के सबसे घने और रहस्यमय जंगलों में गिना जाता है, लेकिन यह क्षेत्र कभी लाखों लोगों की सुनियोजित सभ्यता का निवास स्थान था। फिनलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ हेलसिंकी के शोधकर्ताओं ने लिडार (LiDAR) तकनीक की मदद से घने पेड़ों के नीचे छिपी लगभग 400 प्राचीन मिट्टी की संरचनाओं का पता लगाया है। यह एक अत्याधुनिक रिमोट सेंसिंग तकनीक है, जो लेजर किरणों की मदद से किसी क्षेत्र का सटीक 3डी नक्शा तैयार करती है। कंप्यूटर मॉडल के आधार पर अनुमान लगाया गया है कि पूरे क्षेत्र में ऐसी करीब 20,000 संरचनाएं मौजूद हो सकती हैं। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि पहली सदी की शुरुआत में यहां लगभग 30 लाख लोग रहते थे। उन्होंने गोल, आयताकार और अष्टकोणीय आकार की विशाल संरचनाएं बनाईं। ये घर या किले नहीं, बल्कि धार्मिक अनुष्ठानों, सामुदायिक समारोहों, व्यापार और राजनीतिक बैठकों के केंद्र थे। अध्ययन से पता चला है कि एक्विरी (Aquiry) सभ्यता ने जंगलों का अंधाधुंध दोहन नहीं किया। लोग सीमित क्षेत्र में मक्का, कद्दू और कसावा (एक प्रकार का कंद) जैसी फसलें उगाते थे। 850 ईस्वी के आसपास यह सभ्यता अचानक विलुप्त हो गई, लेकिन उसके पतन का कारण आज भी रहस्य बना हुआ है।