n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा के दो नेताओं का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के बारे में अपशब्द बोले गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों व पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
कांग्रेस पार्टी कार्यालय से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शुक्रवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का पुतला लेकर बाहर आ गए। करीब दस मीटर की दूरी पर ही दोनों पुतलों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने पुतले बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पुतले जल चुके थे। इस दौरान पुतले छीनने को लेकर पुलिसकर्मियों व कार्यकर्ताओं में नोकझोंक भी हुई। यूथ कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दिनेश प्रताप सिंह पर राहुल गांधी के अपमान का आरोप लगाया। सांसद निशिकांत दुबे पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का संसद में अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मांग किया कि भाजपा के दोनों ही नेता कांग्रेस से माफी मांगें।