Dont Smoke You Can Still Get Lung Cancer Know Causes And Prevention
'सिगरेट नहीं पीते? फिर भी हो सकते हैं आपके फेफड़े खराब!
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज,नोएडा
'सिगरेट नहीं पीते, तो कैंसर का खतरा नहीं है' यह सोचना बिलकुल भी सही नहीं है। फेफड़ों का कैंसर अब सिर्फ धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह 30 से 40 वर्ष के युवाओं और खासकर महिलाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। जानलेवा वायु प्रदूषण, बायोमास ईंधन का धुआं और आनुवंशिक बदलाव इस बीमारी को गैर-धूम्रपान करने वालों में फैला रहे हैं।ओपीडी में हर महीने 20-40 नए मामले: यथार्थ अस्पताल के ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. देवेश किशन के अनुसार, तंबाकू आज भी फेफड़ों के कैंसर की मुख्य वजह है, लेकिन हाल के वर्षों में ऐसे मरीजों की तादाद तेजी से बढ़ी है जिनकी कोई स्मोकिंग हिस्ट्री नहीं रही। उन्होंने बताया कि अस्पताल की ऑन्कोलॉजी ओपीडी में हर महीने फेफड़ों के कैंसर के लगभग 20 से 40 नए संदिग्ध या पुष्ट मामले आ रहे हैं, जिनमें युवाओं और महिलाओं की संख्या चिंताजनक है।
आधुनिक तकनीक से आसान हुआ इलाज: डॉ. किशन ने बताया कि मॉलीक्यूलर टेस्टिंग, सीटी स्कैन और टार्गेटेड थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों से अब फेफड़ों के कैंसर का इलाज पहले की तुलना में काफी प्रभावी और सटीक हो गया है। हालांकि, इलाज की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि बीमारी की पहचान कितनी जल्दी हुई है।