65 बाइक सवार दिखाएंगे बुंदेलखंड की विरासत

नवभारतटाइम्स.कॉम
65 bikers to showcase bundelkhands heritage in riding chapters journey
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: यूपी के ऐतिहासिक किलों, प्राकृतिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 'द राइडिंग चैप्टर्स : विजिट माय स्टेट' बाइक राइड की शुरुआत की जा रही है। पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह 1090 चौराहे से 65 बाइक राइडर्स के दल को रविवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि करीब 330 किलोमीटर लंबी इस पहली पर्यटन बाइक यात्रा का रूट लखनऊ, कानपुर, बिंदकी और बांदा होते हुए ऐतिहासिक कालिंजर किले तक निर्धारित किया गया है। दो दिवसीय यात्रा का समापन धर्मनगरी चित्रकूट में होगा। इस दौरान प्रतिभागी बांदा के गुलमोहर ईको स्पॉट पर रुकेंगे, जहां उन्हें बुंदेलखंड की ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण पर्यटन की अनूठी झलक देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस पहल के जरिए बुंदेलखंड के 'छुपे रत्न' कालिंजर किला जैसे ऐतिहासिक स्थलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। संस्कृति व धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि शृंखला का दूसरा संस्करण 22 और 23 अगस्त को होगा। यह बाइक राइड लखनऊ से सुलतानपुर, जौनपुर, देवदरी जलप्रपात, राजदरी जलप्रपात और चुनार किले तक पहुंचेगी।