कांवड़ियों की सुरक्षा में तय होगी अधिकारियों की जिम्मेदारी : सीपी

नवभारतटाइम्स.कॉम
kanwar yatra accountability of officers fixed security arrangements reviewed stringently
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने शनिवार को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह को यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीपी ने तीन प्रमुख मार्गों—आगरा कैनाल, बाईपास और नेशनल हाईवे—पर प्रभावी नाकाबंदी और गश्त के निर्देश दिए। विशेषकर आगरा कैनाल मार्ग पर अधिक भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि कांवड़ शिविर मुख्य मार्ग से 50 फीट की दूरी पर हों और उनमें हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगे हों। साथ ही, यात्रा मार्ग से अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और लटके हुए बिजली के तारों को तुरंत हटाने के आदेश दिए गए। बैठक में जॉइंट सीपी राजेंद्र कुमार मीणा और सभी जोन के डीसीपी मौजूद रहे।