घरों की बालकनी तक पहुंचे तार, अधिकारी हादसे के इंतज़ार में?

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad dilapidated electricity wires reach balconies are officials waiting for an accident
nNBT न्यूज, फरीदाबाद : एनआईटी-5 डी-ब्लॉक के निवासियों के सिर पर बिजली की जर्जर तारें मौत बनकर लटक रही हैं। बारिश के मौसम में बिजली खंभों पर उलझे तारों के जंजाल ने लोगों की नींद उड़ा दी है। स्थिति इतनी भयानक है कि कई तारें सीधे घरों की बालकनी और दीवारों को छू रही हैं, जिससे करंट आने का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय निवासी रवि अरोड़ा ने बताया कि इलाके के करीब 10-12 खंभों पर तारों का भारी बोझ है और उनमें अक्सर स्पार्किंग होती रहती है। सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि खंभों पर बिजली के मीटर जमीन से मात्र 3-5 फीट की ऊंचाई पर लगे हैं, जिन्हें बच्चे भी आसानी से छू सकते हैं। बारिश में खंभों में करंट उतरने के डर से बच्चों को बाहर गलियों में खेलने नहीं दिया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारी बार-बार की शिकायतों के बावजूद मौन साधे हुए हैं। इस संबंध में बिजली निगम के एसडीओ युगांक जैन ने बताया कि ब्लॉक में अभी काम चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन खंभों पर तारों का जंजाल अधिक है और पुराने मीटर लगे हैं, उन्हें जल्द ही शिफ्ट किया जाएगा। वर्तमान में अधिकारी फील्ड पर निरीक्षण कर रहे हैं।