लोगों में डर...कहीं नकली दवा तो नहीं खरीद रहें

नवभारतटाइम्स.कॉम
aminaabad medicine market silent due to fear of fake medicines buyers concerned
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : नकली दवा के कारोबार का सच सामने आने के बाद अब अमीनाबाद की मेडिसिन मार्केट में आने वाले ग्राहक भी कतरा रहे हैं। खरीदार यह सोच कर डर रहे हैं कि वे जो दवा खरीद रहें, वह नकली तो नहीं? शायद इसीलिए मेडिसिन मार्केट में खरीदारों की आमद भी कम हो गई है। जिससे दवा का सही कारोबार करने वाले कारोबारी भी परेशान हैं।

एनबीटी की टीम ने अमीनाबाद की मेडिसिन मार्केट में शनिवार दोपहर बाद हालात जानने का प्रयास किया। ज्यादातर दुकानों पर सन्नाटा था। अमूमन व्यस्त रहने वाली मेडिसिन मार्केट की गली में भी बिना किसी को धकिए आराम से जाया जा सकता था। थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर एकदम सन्नाटा नजर आया। सीतापुर से आए एक ग्राहक से बात की गई तो वह बोले कि हमें इन मामलों में न लपेटिए तो बेहतर रहेगा। हम एक क्लीनिक पर काम करते हैं। अपने डॉक्टर साहब के लिए दवा लेने आए हैं। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि जिस दुकान से कहा है, वहीं से दवा लेना। दवा के साथ बिल और उनका रजिस्ट्रेशन नंबर भी देखने को कहा गया है। कुछ दूर आगे चलने पर एक युवक से सन्नाटे की वजह जानने का प्रयास किया तो पता चला कि वह एक दुकान पर काम करता है। युवक बोला, भाई बिल्कुल सन्नाटा है। पता नहीं क्या हो गया है? मालिक लोग भी कारोबार धीमा होने से काफी परेशान हैं। एक दुकानदार को टटोलने का प्रयास किया तो वह बेहद नाराज हो गए, बोले कुछ लोग बेवजह मार्केट का माहौल खराब कर रहे हैं। हर कोई बेईमान थोड़े ही है। वहीं, दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष ओपी सिंह का कहना है कि दवाओं की कालाबाजारी पकड़े जाने के बाद कारोबार कुछ मंदा तो हुआ है, लेकिन ऐसे लोगों का हम या हमारा कोई साथी समर्थन नहीं करता है।