nNBT न्यूज, पीजीआई : शहीद पथ पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से एयरपोर्टकर्मी की मौत के मामले में पीजीआई पुलिस ने आरोपित चालक सिद्धार्थ सिंह उर्फ नीरज सिंह (33) निवासी फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी दिनेश कुमार गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि 29 जुलाई को आरोपित ने लापरवाही से कार चलाते हुए शहीद नगर अंडरपास के पास अपूर्व ओमर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि हादसे के समय वह शराब के नशे में था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।