मॉल के बाहर कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad bag stolen by breaking car window outside mall 18 thousand cash and important documents missing
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सेक्टर-37 स्थित क्राउन इंटीरियर मॉल के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर बाइक सवार दो युवक बैग चोरी कर फरार हो गए। बैग में 18 हजार रुपये नकद, पासपोर्ट, आधार कार्ड, बैंक दस्तावेज, चेकबुक, कंपनी के कानूनी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी महबूब आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे वह अपनी कार से क्राउन इंटरनेशनल मॉल पहुंचे थे। उनकी कार चालक वसीम चला रहा था। मॉल के बाहर कार पार्क करने के बाद महबूब आलम मॉल के अंदर चले गए, जबकि चालक कार को लॉक कर कुछ दूरी पर बैठ गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कार की पिछली दाईं ओर की खिड़की का शीशा तोड़ दिया। बदमाश पिछली सीट पर रखा बैग उठाकर मौके से फरार हो गए। चालक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि बैग में 18 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पासपोर्ट समेत जरूरी दस्तावेज रखे थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।