Faridabad Fraudulent Loan Franchise And Bank Account Scams Exceeding 6 Lakhs Cyber Cell Investigating
लोन, फ्रेंचाइजी और बैंक खाते में ठगों ने सेंध लगाकर छह लाख उड़ाए
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को अपना शिकार बनाकर 6 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। कहीं पर्सनल लोन दिलाने का झांसा दिया गया, कहीं नामी लॉजिस्टिक्स कंपनी की फर्जी फ्रेंचाइजी का लालच दिया गया, जबकि एक व्यक्ति के बैंक खातों से बिना ओटीपी के ही 1.16 लाख रुपये निकाल लिए गए। तीनों मामलों में साइबर अपराध थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहले मामले में गांव प्रह्लादपुर माजरा डींग निवासी शख्स को खुद को बजाज फाइनैंस का वरिष्ठ अधिकारी बताने वाले ठग ने 3.50 लाख रुपये का पर्सनल लोन दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने प्रोसेसिंग फीस, आरबीआई टैक्स और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर 9 से 15 मई के बीच 3,24,250 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए लेकिन न लोन मिला और न रकम वापस हुई। दूसरे मामले में सेक्टर-65 निवासी व्यक्ति से नामी लॉजिस्टिक्स कंपनी की फर्जी वेबसाइट और ई-मेल के जरिए फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 1,60,200 रुपये ऐंठ लिए गए। वहीं तीसरे मामले में गांव बड़ौली चंदीला निवासी के दो बैंक खातों से 29 जुलाई को बिना ओटीपी के दो ट्रांजैक्शन में 96 हजार और 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस बैंक खातों, यूपीआई आईडी, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।