Sexual Exploitation Of A Young Woman Under The Guise Of Investigation Fir Registered Against Ssi Dharamvir Shahi
केस की जांच के दौरान युवती का यौन शोषण, SSI पर FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : आशियाना थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक पर युवती ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। दुराचार के मुकदमें में साक्ष्य जुटाने का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए। शादी का दबाव बनाने पर आरोपित ने पीड़िता की पिटाई की। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ डीसीपी पूर्वी से लिखित शिकायत की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानक नगर इलाके में रहने वाली युवती इंजिनियर है। डीसीपी पूर्वी को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता ने लिखा कि उसने पीजीआई थाने में बस्ती शंखपुर निवासी अभिषेक सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी विवेचना आशियाना थाने में ट्रांसफर की गई। आशियाना थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही ने पीड़िता को पूछताछ के लिए 21 फरवरी को थाने बुलाया। इसके बाद आरोपित उपनिरीक्षक कॉल कर पीड़िता से अश्लील बातें करने लगा। मार्च 2026 में युवती से शारीरिक संबंध का दबाव बनाया। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपित ने पीड़िता का यौन शोषण किया। इस बीच पीड़िता को जानकारी हुई कि आरोपित उपनिरीक्षक शादीशुदा है। शादी का दबाव बनाने पर आरोपित ने पीड़िता को पीटा, गालियां दी और दीवार से कई बार सिर लड़ाया। आरोपित ने पीड़िता का फोन छीन लिया। पीड़िता की फोटो, विडियो, चैट का दुरुपयोग कर बदनाम करने की धमकी दी। शिकायत करने पर परिवारीजनों की हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ डीसीपी पूर्वी से लिखित शिकायत की है। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के पीआरओ ने बताया कि उपनिरीक्षक धर्मवीर शाही के खिलाफ शिकायती पत्र मिला है। इसकी जांच एसीपी कैंट सुजीत दुबे को सौंपी दी गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।