In Pda Pd Also Means Pandit Akhilesh Yadav Accuses Bjp Of Insulting Brahmins
पीडीए में पीडी पंडित का शॉर्ट फॉर्म: अखिलेश
Contributed by: Anand.Tripathi|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर ब्राह्मणों के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीडीए में पीडी का अर्थ पंडित भी है और भाजपा जितनी पीड़ा देगी, पीडीए उतना मजबूत होगा। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर कोई बड़ा काम नहीं किया; उनकी प्रतिमा समाजवादी सरकार में बने लोकभवन में लगाई गई, जबकि इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का नाम बदलकर अटल जी के नाम पर कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि मौका मिलते ही सपा ने माता प्रसाद पांडेय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर सम्मान दिया। कानपुर की कथित ‘गाड़ी पलटने’ की घटना पर उन्होंने कहा कि सैटेलाइट इमेज सामने आने पर सच्चाई स्पष्ट होगी और ब्राह्मण अब भाजपा को पलटाने वाले हैं।Gen Z ने भाजपा के होश उड़ा दिए हैं, मगर वह समझ नहीं रही : अखिलेश ने कहा कि सपा शुरू से ब्राह्मण समाज की हितैषी रही है। अयोध्या में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि गुप्त दान करने वाले रसीद नहीं रखते। उन्होंने जेन-जी का जिक्र करते हुए कहा कि नई पीढ़ी ने भाजपा के होश उड़ा दिए हैं, लेकिन पार्टी इसे समझ नहीं रही। कार्यक्रम से पहले उन्होंने गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और बताया कि अनुमति न मिलने के कारण मुख्य कार्यक्रम पार्टी कार्यालय में करना पड़ा।
हवन-पूजन कर साधू-संतों ने अखिलेश को दिया आशीर्वाद : कार्यक्रम में अयोध्या, काशी और मथुरा के विद्वान बुलाए गए। हवन-पूजन हुआ, घंटे और डमरू बजाए गए तथा साधु-संतों ने अखिलेश को 2027 में जीत का आशीर्वाद दिया। अखिलेश ने उपचुनाव और ईवीएम पर भी भाजपा को घेरा और कहा कि बांकीपुर में हार के बावजूद भाजपा नेता एक-दूसरे को लड्डू खिला रहे थे।
चाहे जितनी डिग्री ले लें, शंकराचार्य नहीं बन सकते : उन्होंने कहा कि कोई कितनी भी डिग्री ले ले, शंकराचार्य नहीं बन सकता। कुंभ में शंकराचार्य, बटुकों और संतों के अपमान का आरोप लगाते हुए उन्होंने झूठे पॉक्सो मुकदमों की बात कही। उन्होंने कहा कि धुरंधर मूवी सपा को बदनाम करने के लिए बनाई गई। सत्ता में आने पर इसकी जांच होगी।