Lucknow kanpur Expressway Firm Declared Non performer Due To Road Collapse Heavy Penalty Imposed By Nhai
एक्सप्रेस-वे बनाने वाली फर्म नॉन-परफॉर्मर घोषित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : जगह-जगह सड़क धंसने पर एनएचएआई ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने वाली फर्म पीएनसी इंफ्राटेक को नॉन-परफार्मर घोषित कर दिया है। साथ ही कंपनी पर परफॉर्मेंस सिक्यॉरिटी का 2% जुर्माना लगाने, जिम्मेदार अधिकारियों के डिबारमेंट और परियोजना रेटिंग में कटौती के लिए नोटिस भी जारी किया है।
उद् घाटन के बाद पहली बार 26 जुलाई को उन्नाव इलाके में एक्सप्रेस-वे की सड़क धंसी थी। इसकी मरम्मत के बाद कई और जगह एक्सप्रेस-वे धंसने के मामले सामने आए। इस पर PNC कंपनी के प्रॉजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार गुप्ता, इंजिनियर सुरेंद्र कुमार और रेजिडेंट इंजिनियर यतेंद्र कुमार को भी परियोजना से हटा दिया गया था। इन्हें अगले दो साल तक NHAI के किसी भी प्रॉजेक्ट में शामिल नहीं किया जाएगा। NHAI ने प्रॉजेक्ट मैनेजर रहे नकुल प्रकाश वर्मा को भी उनके मूल विभाग में भेज दिया है। निर्माण के दौरान प्रॉजेक्ट मैनेजर सौरभ चौरसिया को भी नोटिस दिया गया है।यहां हुई स्लीपेज : किमी 31: बिना कट वाली जगह पर खड़े ट्रक का पहिया सड़क धंसने से नीचे चला गया। किमी 37.7: असोहा के कांथा गांव के पास सड़क धंस गई। किमी 39.7: दो दिन पहले डाली गई डामर की परत दब गई। यहां मिट्टी कटने से गड्ढा भी बन गया। किमी 62.3: यहां सड़क छठी बार धंसी है। 4 मीटर हिस्से में दरारें पड़ गईं। बाईपास की ओर 15 मीटर हिस्सा दबने से गड्ढा बन गया। वहीं, चार और जगहों पर भी सड़क क्षतिग्रस्त हुई।