बहन से बदतमीजी पर 12वीं के छात्र के घर पर चला दी गोली, 2 गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
revenge for misbehavior with sister firing at 12th students house 2 arrested
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

क्राइम ब्रांच भूपानी की टीम ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कार्रवाई करते हुए गांव खेड़ी में 12वीं क्लास के छात्र के घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकल बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव फरीदपुर निवासी अभिषेक और अमन के रूप में हुई है।
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि गांव खेड़ी निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई 12वीं कक्षा का छात्र है। 31 जुलाई को स्कूल से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद 2 युवक मोटरसाइकल पर गांव खेड़ी स्थित उसके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर मौके से फरार हो गए थे। एसीपी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों अभिषेक (22) और अमन (25) निवासी गांव फरीदपुर को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक की चचेरी बहन भी उसी स्कूल में पढ़ती है। छात्र ने उसके साथ बदतमीजी की थी। इसी को लेकर 31 जुलाई को अभिषेक अपने साथी अमन के साथ मोटरसाइकल पर गांव खेड़ी स्थित उनके घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर फरार हो गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी अभिषेक ने करीब एक वर्ष पहले पिस्टल ली थी। टीम ने हथियार बेचने वाले की भी पहचान कर ली है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।