सपा नहीं चाहती सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के स्थल संवरें: योगी

नवभारतटाइम्स.कॉम
सपा नहीं चाहती सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के स्थल संवरें: योगी
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा सहित समूचे विपक्ष पर युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों से जुड़ी विकास योजनाओं को बाधित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सदन में सपा सदस्यों का आचरण न केवल अलोकतांत्रिक व असंवैधानिक था बल्कि, गरीब, युवा, किसान व महिला विरोधी भी था। सरकार अनुपूरक बजट में सामाजिक न्याय के पुरोधाओं से जुड़े स्थलों के विकास का प्रस्ताव लाई थी। सपा ने सदन को लगातार बाधित किया क्योंकि वह सामाजिक न्याय की विरोधी है।

योगी सदन स्थगित होने के बाद बुधवार को मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि बजट में माजिक न्याय के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, ज्योतिबा फुले, अहिल्याबाई होल्कर व छत्रपति शाहू जी महाराज आदि विभूतियों के स्थलों के लिए इस बजट में प्रावधान किया गया है। उनकी मूर्तियों पर छाजन, पार्क, बाउंड्री वाल के लिए 407 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
आउटसोर्स कमियों का न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित होगा : सीएम ने कहा कि अनुपूरक बजट में एक्सप्रेस-वे, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के लिए धन की व्यवस्था की गई है। आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, रसोइया, ग्राम चौकीदार, कोटेदार इन सबके साथ हर उस तबके को छूने का प्रयास किया है, जिनका मानदेय बढ़ाया जाना है। निराश्रित, दिव्यांग, वृद्धावस्था पेंशन भी बढ़ाई जानी है जिस पर हमन सदन में चर्चा चाहते थे, लेकिन, विपक्ष का नकारात्मक रवैये इसमें भी रुकावट बना। हर आउटसोर्सिंग कर्मी को न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी के लिए भी बजट दिया गया है। सपा का चरित्र इन सभी मेहनतकश तबकों को अपमानित करने वाला है। हमने उनका मानदेय 3 हजार से 10 हजार और फिर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किया, अनुदेशकों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 17 हजार रुपये महीने किया गया है। इनके सहित, बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के शिक्षकों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है।