80 Msme Expect Business Growth From Digital Nbt Report
‘80% MSME को डिजिटल से बिजनेस बढ़ने की उम्मीद’
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
भारत के छोटे और मझोले कारोबार तेजी से ऑनलाइन खरीद की ओर बढ़ रहे हैं। इंडिया SME फोरम की इस साल की रिपोर्ट के मुताबिक, हर 5 में से 4 छोटे और मझोले उद्यमों यानी MSME को उम्मीद है कि अगले 3 साल में डिजिटल तरीके से सामान और सेवाओं की खरीद उनके कारोबार को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। यह रिपोर्ट 27 हजार से ज्यादा रजिस्टर्ड MSME के सर्वे पर आधारित है। ‘डिजिटल भारत: इंडिया डिजिटल प्रोक्योरमेंट रिपोर्ट 2026’ को नई दिल्ली में केंद्रीय MSME और श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने जारी किया।सर्वे से पता चला कि डिजिटल खरीद बढ़ने के बावजूद अभी भी कारोबारियों की कुल खरीद का केवल 30 से 40% हिस्सा डिजिटल माध्यमों से हो रहा है। कारोबारियों के लिए कीमतों में उतार-चढ़ाव खरीद से जुड़ी सबसे बड़ी चुनौती है। रिपोर्ट के मुताबिक, भविष्य में MSME कच्चा माल और मशीनरी जैसी जरूरी चीजें भी ऑनलाइन खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इंडिया SME फोरम के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि डिजिटल खरीद तेजी से बढ़ी है, लेकिन अब छोटे कारोबारियों को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। अमेजन बिजनेस इंडिया के निदेशक मित्रंजन भादुड़ी ने कहा कि भारत में MSME की खरीद व्यवस्था में काफी संभावनाएं हैं।