New Rules May Come For Digital Gold Next Year Preparation To Protect Investors From Fraud
डिजिटल गोल्ड पर अगले साल नियम ला सकती है सरकार
नवभारत टाइम्स•
NBT रिपोर्ट
भारत में डिजिटल गोल्ड को लेकर रेगुलेटरी फ्रेमवर्क अगले साल की शुरुआत में ही लागू हो सकते हैं। इसे लेकर डिजिटल प्रेशियस मेटल्स एश्योरेंस काउंसिल ऑफ इंडिया (DPMACI) ने पिछले एक महीने के दौरान वित्त मंत्रालय, रिजर्व बैंक (RBI) और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के साथ कई दौर की चर्चा की है। नियमों का मुख्य उद्देश्य निवेशकों को भागने वाली कंपनियों से बचाना है।DPMACI की चेयरपर्सन निरुपमा सुंदरराजन ने इकॉनमिक टाइम्स को बताया, ‘डिजिटल गोल्ड कंपनियों के लिए एक रेगुलेटरी फ्रेमवर्क तैयार करने पर बातचीत चल रही है, ताकि ग्राहकों के हितों की रक्षा की जा सके। धोखाधड़ी करने वाली कंपनियों को लोगों को ठगने का मौका न मिले। उम्मीद है कि अगले साल तक नियम लागू हो जाएंगे। भारतीयों के बीच डिजिटल गोल्ड एक निवेश के तौर पर काफी पॉपुलर हो रहा है।’
डिजिटल गोल्ड के जरिए लोग फिनटेक ऐप्स और ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर 24 कैरेट सोना खरीद और बेच सकते हैं।इसमें 10 या 100 रुपये जैसे बहुत छोटे निवेश से भी शुरुआत की जा सकती है। ये प्लेटफॉर्म दावा करते हैं कि वे ग्राहक के बदले उतना ही असली सोना एक सुरक्षित वॉल्ट में जमा रखते हैं। बाद में निवेशक इसे डिजिटल तरीके से बेच सकते हैं या फिर असली सोने की डिलीवरी मंगा सकते हैं।