Non veg Order Dispute Youth Attacked Lethally Eardrum Burst Iphone car Also Broken
नॉनवेज ऑर्डर के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, कान का पर्दा फटा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
जानकीपुरम में ऑनलाइन फूड डिलिवरी को लेकर शुरू हुआ वेज-नॉनवेज ऑर्डर का विवाद हिंसक हमले में बदल गया। पीड़ित ने डिलिवरी पार्टनर समेत चार लोगों पर घर में घुसकर हमला करने, आईफोन और कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।जानकीपुरम विस्तार निवासी आकाश मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने ऑनलाइन शाकाहारी भोजन का ऑर्डर किया था, लेकिन डिलिवरी के दौरान उन्हें नॉनवेज भोजन दिया गया। विरोध करने पर डिलिवरी बॉय से कहासुनी हुई और उन्होंने इसकी शिकायत स्विगी पोर्टल पर दर्ज करा दी। कुछ देर बाद डिलिवरी बॉय ने फोन कर वेज भोजन लेकर आने और नॉनवेज ऑर्डर वापस करने की बात कही। आरोप है कि गेट खोलते ही तीन युवक घर में घुस आए और लोहे के कड़े व ठोस वस्तु से हमला कर दिया। मारपीट में उनके बाएं कान का पर्दा फट गया, खून निकलने लगा और सुनाई देना बंद हो गया। हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी भी दे गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उनका आईफोन पटककर तोड़ दिया और कार का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी का कहना है कि आकाश की तहरीर पर डिलिवरी बॉय असद मसूद, अमन गुप्ता, आकाश गौतम व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।