लोकबंधु अस्पताल में महिला की मौत, घरवालों का हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम
लोकबंधु अस्पताल में महिला की मौत, घरवालों का हंगामा
n NBT न्यूज, आलमबाग

कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान रंजना सिंह (55) की मौत के बाद परिवारीजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस दौरान परिवारीजनों और अस्पताल कर्मचारियों के बीच मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची कृष्णानगर पुलिस ने मामला शांत कराया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सरोजनीनगर के पिपरसंड गांव निवासी शिव मोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह पत्नी रंजना सिंह (55) का ब्लड प्रेशर हाई हो गया था। उन्हें लोकबंधु अस्पताल लाया गया था। महिला के बेटों ने आरोप लगाया कि गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत हो गई। इसके बाद तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया और फोन कर अपने कई साथियों को अस्पताल में बुला लिया। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों और तीमारदारों में मारपीट भी हुई। अस्पताल के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. पीसी तिवारी ने बताया कि महिला बेहोशी की हालत में अस्पताल लाई गई थी। प्रथमदृष्टया हाई ब्लड प्रेशर के कारण ब्रेन स्ट्रोक की आशंका है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।