दवा कारोबारी का था कार में जला शव, हत्या की आशंका

नवभारतटाइम्स.कॉम
burnt body of medicine trader in car suspicion of murder police demanding impartial investigation
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : बीकेटी के अटारी गांव के पास सीतापुर रोड पर कार में आग लगने से दवा कारोबारी अलमास हक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद घरवालों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस कॉल डिटेल, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।

बीकेटी में गुरुवार रात 11:30 बजे वीरेन्द्र धर्मकांटा के पास कार में आग लगने की सूचना पर पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची थी। आग बुझने के बाद ड्राइविंग सीट पर युवक का जला हुआ कंकाल मिला। कार के नंबर के आधार पर उसकी पहचान खुर्रमनगर के साकेत विहार निवासी और अमीनाबाद मेडिसिन मार्केट के दवा कारोबारी अलमास हक के रूप में हुई। पुलिस ने रात में ही परिवार को सूचना दी, जिसके बाद परिवारीजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की।
रात 9:30 बजे घर से निकले थे

पिता हमीदुल हक के अनुसार, अलमास गुरुवार शाम पत्नी इकरा और बेटी को घुमाने ले गए थे। रात 9:30 बजे उन्हें घर छोड़कर यह कहकर निकले कि दुकानदारों से पेमेंट लेना है। 9:40 बजे उनकी एक दोस्त से बात हुई, जिसमें उन्होंने 10 मिनट में घर लौटने की बात कही थी। एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि रात 10:49 बजे अलमास की पत्नी से आखिरी बातचीत हुई थी।

पिता ने उठाए कई सवाल

परिवारीजनों का कहना है कि अलमास का शव ड्राइविंग सीट पर मिला और एक हाथ बगल की सीट पर फंसा था। उनका सवाल है कि यदि कार में अचानक आग लगी थी तो उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश क्यों नहीं की। परिवार को आशंका है कि उन्हें पहले बेहोश किया गया और फिर कार में आग लगा दी गई। पुलिस अब उन दोस्तों से भी पूछताछ करेगी, जिनसे मिलने की बात कहकर अलमास घर से निकले थे।