अंडरपास में डूबीं दो कारें और स्कूल बस, लोगों ने बचाई चालकों की जान

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad rain havoc cars and school bus drown in underpass people save lives
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

शहर में शुक्रवार को हुई ज़ोरदार बारिश के बाद शहर के हालात बेकाबू हो गए। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में जलभराव होने से दोपहर के समय एक स्कूल बस और एक कार पानी में डूब गईं। राहत की बात यह रही कि बस में कोई स्कूली बच्चा नहीं था और समय रहते दोनों घटनाओं में लोगों की जान बचा ली गई। स्थानीय लोगों ने बस चालक और कार सवारों को बाहर निकालकर सुरक्षित किया। कार सवार बुजुर्ग को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्रीनफील्ड अंडरपास में भी एक कार डूब गई थी। समय रहते चालक निकलकर बाहर आ गया। कार चालक ग्रीनफील्ड कॉलोनी से हाइवे की ओर जा रहा था। यह गाड़ी रात भर अंडरपास में डूबी रही।
अंडरपास का गेट बंद कर चली गई पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश शुरू होते ही पुलिस ने नैशनल हाइवे की ओर जाने वाले मार्ग पर लगा गेट बंद कर दिया था। इसके बाद पुलिसकर्मी चले गए, जिससे वाहन चालक दूसरे रास्ते से अंडरपास तक पहुंचते रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। दोपहर करीब तीन बजे एक स्कूल बस अंडरपास के गोलचक्कर के पास पहुंचकर बंद हो गई। बस में बच्चे नहीं थे। बस चालक किसी तरह छत पर पहुंचा, जहां से लोगों ने रस्सी से बाहर निकाला।

मना करने पर भी कार लेकर पानी में चले गए

इसी दौरान सेक्टर-21डी स्थित महिला थाने की ओर से रेलवे रोड की ओर जा रही एक फॉर्च्युनर कार भी अंडरपास में पानी में फंस गई। स्थानीय लोगों ने चालक को आगे जाने से मना किया था, लेकिन वह अंडरपास में उतर गया। कुछ ही देर में कार में पानी भर गया और सेंसर काम करना बंद कर गए, जिससे दरवाजे नहीं खुल सके। कार में दो लोग सवार थे। लोगों ने कार का शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। इनमें से एक बुजुर्ग की पहचान नीरज मित्तल के रूप में हुई है। वह सेक्टर-9 निवासी हैं।