n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने के मामलों की जांच शनिवार को भी जारी रही। आईआईटी खड़गपुर और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो स्थानों पर सड़क दबने की पुष्टि हुई। टीम ने इन जगहों के आसपास ड्रिल कर सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लिए और उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा। टीम अगले दो दिन तक एक्सप्रेस-वे की जांच जारी रखेगी।
शुक्रवार को कानपुर-लखनऊ लेन पर किमी 39.7 के पास लगभग 30 मीटर और किमी 46 से 47 के बीच करीब 10 मीटर सड़क धंस गई थी। सूचना मिलते ही एनएचएआई और निर्माण एजेंसी पीएनसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। यातायात डायवर्ट कर जेसीबी और अन्य मशीनों से मरम्मत शुरू कराई गई। इससे पहले गुरुवार को किमी 63 और किमी 30.7 के पास भी सड़क में दिक्कत सामने आई थी। किमी 63 पर मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि किमी 30.7 पर काम जारी है। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम सड़क के नीचे नमी की स्थिति भी परख रही है। आईआईटी इंजीनियरों ने नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का सुझाव दिया है। एनएचएआई अधिकारी के अनुसार, खराबी की असली वजह लैब रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। एक्सप्रेस-वे का उद् घाटन 13 जुलाई को हुआ था, लेकिन पहली बारिश में ही सड़क खराब होने लगी। फिलहाल मरम्मत और निगरानी का काम साथ-साथ जारी है।