Bhartiendu Natya Academys Grand New Campus To Be Built Near Kisan Path Cm Yogi Approves
किसान पथ के पास बनेगा BNA का नया परिसर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
भारतेन्दु नाट्य अकादमी के 50वें स्थापना वर्ष पर प्रदेश सरकार ने संस्थान के विस्तार को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरोजिनी नगर में किसान पथ के पास 5 एकड़ भूमि नए परिसर के लिए आवंटित की है।अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि अप्रैल में स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान संस्थान की समस्याओं और विस्तार की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल भूमि आवंटन का निर्णय लिया। इस कार्य में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अहम भूमिका रही।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर का होगा परिसर : डॉ. त्रिपाठी के अनुसार नया परिसर जयपुर इंटरनेशनल सेंटर की तर्ज पर भव्य और आधुनिक होगा। रंगमंच की विविध विधाओं को बढ़ावा देने के लिए यहां एम्फीथिएटर, प्रोसीनियम और थ्रस्ट थिएटर बनाए जाएंगे।
भूमि मिलने से स्थान का संकट समाप्त होगा। इससे नए पाठ्यक्रम शुरू होंगे और छात्रों की सीटें बढ़ेंगी। अकादमी को वैश्विक पहचान देने के लिए विदेशी छात्रों को प्रवेश देने की योजना भी है। उनके लिए परिसर में ही आवास और अध्ययन की व्यवस्था होगी।
परिसर में AI लैब, स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक ऑडियो-वीडियो कक्षाएं और साउंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो बनेंगे। इसके साथ प्रशासनिक भवन, सेमिनार हॉल, विस्तारित छात्रावास और आधुनिक कैंटीन भी प्रस्तावित हैं। निर्माण की रूपरेखा तय करने के लिए सोमवार को बैठक होगी। इसके बाद विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ अंतिम योजना तय की जाएगी।
75 जिलों में होगा नाट्य उत्सव : स्वर्ण जयंती पर अकादमी प्रदेश के सभी 75 जिलों में नाट्य उत्सव आयोजित करेगी। इसमें राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभूतियों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा। चयनित विषयों में 1857 की क्रांति, बिजली पासी, वीर सावरकर, 'रश्मिरथी', 'बड़े भाई साहब', भारतेंदु, प्रसाद, निराला, अज्ञेय और अटल बिहारी वाजपेयी शामिल हैं। उत्सव की शुरुआत लखनऊ से होगी। ।