सड़क पर गाय से टकराई स्कूटी, कारोबारी की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad scooty collides with cow sitting on road businessman dies negligence comes to light
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

नगर निगम के दो विभागों की लापरवाही ने एक शख्स की जान ले ली। एनआईटी-3 स्थित केदार अस्पताल के पास मंगलवार तड़के सड़क पर बैठी गोवंश से स्कूटी सवार कारोबारी (38) की टक्कर हो गई। वह अपने दोस्त से मिलकर स्कूटी से घर लौट रहे थे, लेकिन सुबह के वक्त रास्ते पर अंधेरा था। इस वजह से वह गाय को नहीं देख पाए और उससे जा टकराए। हादसे के बाद शुरुआती जांच में पुलिस इसे हिट एंड रन मान रही थी, लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर हादसे की असली वजह सामने आई।
कुछ ही दूरी पर था अस्पताल, सड़क पर तड़पता रहा युवक

मृतक की पहचान एनआईटी-5 एम ब्लॉक निवासी आशु खत्री के रूप में हुई है। आशु खत्री स्कूटी और बाइक के खरीद-फरोख्त का काम करते थे। मंगलवार तड़के वह एनआईटी-3 में अपने दोस्त से मिलकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। केदार अस्पताल के पास सड़क पर दो गाय बैठी थीं। स्कूटी की आवाज सुनकर एक गाय उठ गई, जबकि दूसरी सड़क पर ही बैठी रही। इसी दौरान आशु की स्कूटी काली गाय से टकरा गई।

टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। बताया जा रहा है कि आशु काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। किसी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की जहमत तक नहीं उठाई, जबकि घटनास्थल से केदार अस्पताल कुछ ही दूरी पर है। बाद में उन्हें उपचार के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।