'हर नागरिक के जीवन में सुगमता का संकल्प'

नवभारतटाइम्स.कॉम
cm yogi inaugurates road widening in gorakhpur says resolve for ease in every citizens life
nNBT न्यूज़, गोरखपुर : सतत हो रहे विकास कार्यों और इससे आई जीवन सुगमता से प्रदेश की नई पहचान बन चुकी है। सरकार का संकल्प है कि हर नागरिक के जीवन में सुगमता हो। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण के दौरान कही।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि क्षेत्र में बहुत पहले से लोग रह रहे थे। कई स्कूल भी हैं। हालांकि सड़क संकरी होने से आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। करीब 70 करोड़ रुपये से दो किमी तक सड़क बनने से अनेक समस्याओं का समाधान हो गया है। आवागमन सुगम होने के साथ ही जलभराव की समस्या भी समाप्त हुई है। नवनिर्मित सड़क का महत्व बताते हुए सीएम ने कहा कि इस मार्ग की कनेक्टिविटी से अब वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर आदि स्थानों पर जाने वालों को शहर के अंदर जाने की जरूरत नहीं होगी। बताया कि राजघाट से होते हुए हाबर्ट बंधा-माधोपुर तटबंध फोरलेन हो रहा है। वहीं, सीएम ने सावन माह की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि सावन शिवरात्रि पर प्राचीन मानसरोवर मंदिर में रुद्राभिषेक करते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।